
ब्यावर जिले के बार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 किलो 930 ग्राम डोडा पोस्त सहित एक पिकअप गाड़ी जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. रजतांशु आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वृत ब्यावर वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में बार थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक रामनिवास बाण के नेतृत्व में गठित टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो प्लास्टिक कट्टों से कुल 41 किलो 930 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त कर आरोपी महावीर प्रसाद गुर्जर पुत्र श्री राधाकृष्ण गुर्जर निवासी प्रतापपुरा पोस्ट अजगर, थाना सरवाड़ जिला अजमेर को गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।


