

रायपुर मारवाड़ में देव जलझूलनी एकादशी के अवसर पर सोमवार को नगर के विभिन्न मंदिरों से ठाकुर जी नगर भ्रमण पर निकले। फूलों से सजी धजी पालकियों में ठाकुर जी को नई पोशाक पहनाकर विराजमान कराया गया। इसके बाद ग्रामीणों के कंधों पर जयकारों के बीच ये पालकियां रवाना हुई।
अलग-अलग मंदिरों से निकली रेवाड़िया एक जगह पर एकत्रित हुई और फिर नगर के मुख्य बाज़ार से होते हुए मेला चौक स्थित गणेश तालाब की पाल पर पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने भगवान को जल विहार करवाया गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती हुई।
इस अवसर पर कस्बें में जगह-जगह ठाकुर जी का स्वागत किया गया।इस दौरान श्रद्धालु पालकियों के नीचे से निकलते रहे और दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।
राजसी ठाठ बाट से निकली पालकियां
जलझूलनी ग्यारस के अवसर पर आज सवेरे से ही कस्बें के कई मंदिरों में पुजारी व ग्रामीणों द्वारा पालकियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान को नई पोशाक पहनाई गई। इसके बाद शाम को राजसी ठाठ बाट से ये पालकियां रवाना हुई। श्रद्धालु इन्हें कंधों पर उठाए चल रहे थे। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी को चंवर डुलाया। जगह- जगह पुष्प वर्षा कर इनका स्वागत किया गया।
इन मंदिरो से निकली पालकियां
कस्बें के ठिकाना गढ़,मालियों की हथाई, गोपाल द्वारा,मारू सैन मंदिर,पुरबिया सैन मंदिर,पंसारियों की पोल, मेड़तवालो का मोहल्ला,झूठा गली स्थित हुनमान मंदिर,रामदेव मंदिर, नृसिंग मंदिर से भगवान को पालकियों में विराजमान कर नगर के भ्रमण हेतु निकाली गई।
जिसके साथ मंदिर पुजारी घनश्याम वैष्णव,प्रमोद वैष्णव,श्यामलाल शर्मा,राकेश वैष्णव, देवीदास वैष्णव,ओमप्रकाश वैष्णव,पूसाराम, गणपत लाल शर्मा,ओमप्रकाश शर्मा,योगेश दाधिच,गजेन्द्र सिंह समेत सेकड़ो ग्रामीणों के साथ महिलाएं भी मौजूद रही।


