
पाली- जिला कलेक्टर अंश दीप ने निजी अस्पतालों को रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए तीन सदस्यों की विशेषज्ञ उप समिति गठित की है। यह समिति निजी चिकित्सालयों को रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध करवाने के संबंध में गठित की गई जिला स्तरीय समिति की बैठक में किए गए निर्णयों के अनुसरण में गठित की गई है। जिला कलेक्टर अंशदीप ने बताया कि विशेषज्ञ उप समिति में बांगड़ चिकित्सालय के चेस्ट फिजिशियन डॉक्टर महेश गुप्ता, मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. इरम फैजी को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह उपसमिति निजी चिकित्सालय से प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों के निस्तारण के लिए उत्तरदायी होंगी। समिति के सदस्य रोजाना दोपहर 1 से 2 बजे के बीच बांगड़ चिकित्सालय में बैठक कर दिन भर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का उपलब्धता के आधार पर निस्तारण करेगी। उक्त उप समिति रेमडेसिविर इंजेक्शन देने की अनुशंसा जिला स्तरीय समिति के सदस्य सचिव एवं सीएमएचओ डॉ. आर पी मिर्धा तथा विशेषज्ञ सदस्य डॉ. एचएम चैधरी को करेगी। अनुशंसा प्राप्त होने पर जांच के बाद आवेदन सिफारिश सहित दोपहर 2.30 बजे तक जिला कलेक्टर कार्यालय को अनुमोदन के लिए भिजवाए जाएंगे। अनुमोदन के बाद रेमडेसिविर इंजेक्शन निजी चिकित्सालयों के अधिकृत प्रतिनिधि को दोपहर 2 से शाम 5 बजे के बीच उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार किसी भी परिस्थिति में निजी व्यक्ति को औषधि या रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं दिया जाएगा। अधिकृत चिकित्सालय यह सुनिश्चित करेंगे कि इंजेक्शन उसी व्यक्ति को लगाया गया है, जिसके नाम से इंजेक्शन आवंटित हुआ है। इस दौरान इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया का 30 सैकेंड का एक वीडियो बनाया जाएगा। यह वीडियो क्लिप सीएमएचओ ऑफिस में वॉइल समेत जमा करवाने की जिम्मेदारी निजी चिकित्सालय की होगी।
उन्होंने बताया कि सीएमएचओ कोविड-19 के उपचार हेतु अधिकृत चिकित्सालय एवं उनके द्वारा अधिकृत प्रतिनिधियों की सूची तैयार करेंगे। रेमडेसिविर औषधि का निजी चिकित्सालय में सही उपयोग हो इसके लिए निजी चिकित्सालय के संबंधित मेडिकल ऑफिसर एवं नोडल ऑफिसर की जिम्मेदारी होगी कि वे प्रतिदिन सायं काल निजी चिकित्सालय का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि रेमडेसिविर का उपयोग निजी चिकित्सालय द्वारा भर्ती मरीजों के लिए ही किया गया है।
—–


